Latest News
यूपी में रफ्तार कहर : यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए दो भीषण हादसों में 6 की मौत, मंजर था दिल दहलाने वाला, कार हुई चकनाचूर
मथुरा। उत्तरप्रदेश के मथुरा जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यमुना एक्सप्रेसवे में हुए दो भीषण हादसो में जहां आधा दर्जन लोगों की मौत हो गई है। वहीं 30 से अधिक घायल हुए हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को आनन-फानन में हाॅस्पिटल में भर्ती कराया गया है। दोनों हादसों की वजह ड्राइवर को नींद आना बताया जा रहा है। बलदेव क्षेत्र में हुआ हादसा इतना भीषण था की लाशें जहां सडकों पर बिखर गई थी, वहीं ईको कार के परखच्चे उड गए हैं।
हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। लगातार हो रहे हादसों से यात्रियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार राय और थाना प्रभारी रंजना सचान ने बताया इको गाड़ी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी है। मृत लोगों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन का पता लगाया जा रहा है।
नोएडा से आगरा आ रहे थे सभी
पहला हादसा थाना बलदेव क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन संख्या 140 के पास हुआ। ईको कार सवार नोएडा से आगरा की ओर आ रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.। कार में सवार धर्मवीर पुत्र जवर सिंह निवासी ग्राम हरलालपुरा थाना बासोनी आगरा, रोहित पुत्र धर्मवीर, आर्यन पुत्र धर्मवीर बासोनी आगरा, दलवीर उर्फ छुल्ले व पारस सिंह तोमर पुत्रगण विश्वनाथ सिंह निवासीगण ग्राम बढ़पुरा हुसैद थाना महोबा मध्य प्रदेश की घटना स्थल पर मृत्यु हो गई। सोनी पत्नी धर्मवीर और पायल पुत्री धर्मवीर निवासीगण हलालपुर थाना बासोनी आगरा गंभीर रूप से घायल हो गई।
दूसरा हादसाः यात्री बस डिवाइडर से टकराकर पलटी, 30 घायल
दूसरा हादसा यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 131 के पास हुआ, जहां दिल्ली से मध्य प्रदेश जा रही एक यात्री बस अचानक डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई. इस बस में करीब 30 यात्री सवार थे, जिनमें से 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं। 4 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया।
Advertisement
Related Post