Latest News
अमेरिका : छत पर भागते, किनारे से नीचे उतरते, ट्रम्प के करीबी चार्ली किर्क के हत्यारे का नया वीडियो आया सामने
नई दिल्ली। युवाओं के हीरो और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के करीबी चार्ली किर्क हत्या मामले में एफबीआई ने एक नया वीडियो जारी किया है, जिसमें रूढ़िवादी कार्यकर्ता को गोली लगने के कुछ ही देर बाद एक संदिग्ध घटनास्थल से भागता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो में संदिग्ध को गोलीबारी के बाद छत पर भागते, किनारे से नीचे उतरते और फिर यूटा वैली विश्वविद्यालय परिसर के एक जंगली क्षेत्र में प्रवेश करते हुए देखा जा सकता है।
एफबीआई ने एक बयान में कहा कि 10 सितंबर को माउंटेन टाइम के अनुसार दोपहर लगभग 12 बजे, वह व्यक्ति एक छत पर चढ़ गया। चार्ली किर्क को गोली मारने के बाद, वह नीचे से कूदकर भाग गया। उसने विश्वविद्यालय के पास एक जंगली इलाके में बंदूक और गोला-बारूद छोड़ दिया।
संदिग्ध का नहीं मिल रहा सुराग
बयान में आगे कहा गया कि छत पर हुई घटना से एकत्र किए गए साक्ष्यों में जूते के निशान, बांह के निशान और हथेली के निशान शामिल हैं। इस मामले से जुड़ी कोई भी जानकारी होने पर लोग एफबीआई को कॉल कर सकते हैं या वेबसाइट पर जाकर जानकारी दे सकते हैं। वीडियो में संदिग्ध काले रंग की फुल शर्ट, टोपी, चश्मा और बैग पहने हुए दिखाई दे रहा है। संदिग्ध के बारे में अधिक सुराग पाने के लिए अपराध स्थल की डीएनए जांच की गई।
मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं
यूटा के गवर्नर ने शुक्रवार को एक ब्रीफिंग में कहा कि इंटरनेट पर गलत और झूठी खबरें फैल रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी बातें आगे न फैलाएं। उन्होंने कहा कि चार्ली ने ठीक कहा कि जब हालात खराब हों, तो हमें फोन नीचे रखकर अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहिए। हमारे दुश्मन चाहते हैं कि हिंसा हो। इस मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस के पास एक संदिग्ध व्यक्ति का नाम है। हत्यारे को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को अब तक 200 से ज्यादा सूचनाएं और सुराग मिले हैं और कई पहलुओं पर जांच चल रही है।
Advertisement
Related Post