Latest News

इंदौर। इंदौर से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। यहां के महू स्थित सिमरोल थाना क्षेत्र में शनिवार करीब 12 बजे स्विफ्ट कार में आग लगने से 4 साल का मासूम जिंदा जल गया है। बताया जा रहा है कि चार वर्षीय चिराग अपने पिता संजय बढ़िया के साथ घूमने निकाला था।
चिराग के पिता पेशे से मेकेनिक हैं। वे इंदौर-खंडवा रोड सेल सिटी के सामने वह डीजे वाली गाड़ी का काम कर रहे थे। चिराग उस समय कार के अंदर बैठा था। इसी दौरान कार अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी कार उसकी चपेट में आ गई और चिराग भी जिंदा जल गया। आसपास मौजूद राहगीरों और लोगों ने जब तक मदद के लिए हाथ बढ़ाया और आग बुझाने का प्रयास किया तब तक मासूम चिराग इसकी चपेट में आ चुका था।
शॉर्ट सर्किट हो सकती है वजह
घटना की सूचना मिलते ही सिमरोल पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सिमरोल थाना प्रभारी कुलदीप खत्री ने बताया कि टीम के पहुंचने से पहले ही बच्चा दम तोड़ चुका था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण कार में शॉर्ट सर्किट होना माना जा रहा है।
घटना के बाद बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए महू सिविल अस्पताल लाया गया है। इधर, हादसे के बाद से पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल वह बात करने की हालत में नहीं हैं। मौके पर मौजूद संजू वर्मा ने बताया कि पहले कार से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग विकराल हो गई। आग की लपटें उठ रही थीं। कोई पास नहीं जा पा रहा था।
लोग आग बुझाने के लिए पानी और मिट्टी फेंक रहे थे। बड़ी मुश्किल से आग बुझी तो देखा बच्चा कार के अंदर जल चुका था। सिमरोल पुलिस ने कार के कांच तोड़ कर बच्चे को बाहर निकाला।
Advertisement
