Latest News

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा के उप-नेता पद से हटा दिया है। इतना ही नहीं, पार्टी ने यह भी मांग की है कि राघव चड्ढा को को सदन में सवाल पूछने के लिए समय ना दिए जाए। पार्टी के इस कदम पर राघव चड्ढा ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए आप पर गंभीर आरोप लगाए हैं। चड्ढा के तीखे प्रहार के बाद आदमी पार्टी के दिग्गज नेता पार्टी के बचाव में उतर आए हैं। पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने पलटवार करते हुए राघव चड्ढा पर पार्टी लाइन से हटकर मुद्दे उठाने और अहम मुद्दों पर चुप्पी साधने के आरोप लगाए।
सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने कहा, राघव भाई, अभी आपका वीडियो देखा। हम सब लोग अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं। हमने सिर्फ एक ही बात सीखी थी कि जो डर गया, समझो मर गया। हम सबको सरकार की आंख में आंख डालकर लोगों के मुद्दे उठाने थे। राघव चड्ढा का नाम लेते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा, मेरा मानना है कि देश के लिए असली मुद्दे निडरता और साहस से उठाने होंगे। आपको सोचना चाहिए कि आप कहां से चले थे और कहां आ गए।
सिस्टम पर कब्जा कर चुनाव जीत रही सरकार
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों में हमने देखा कि जो भी महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार के खिलाफ सवाल उठाता है, सरकार उसे डिक्टेटर की तरह सोशल मीडिया पर बैन कर रही है। एफआईआर दर्ज कराई जाती है। उन्होंने आगे कहा, सरकार को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है कि कोई संसद में अपना सॉफ्ट पीआर करे। संसद में एक छोटी सी पार्टी का बोलने का एक सीमित समय होता है। उसमें अगर कोई समोसे की बात उठा रहा है तो उससे जरूरी है कि किसी बड़े मुद्दे को उठाया जाए। पूरे देश में हमने देखा, चुनाव से पहले सही लोगों के वोट काटे जाते हैं और फर्जी वोटर बनाकर, सिस्टम पर कब्जा करके सरकार चुनाव जीत रही है।
डरकर कैसे होगी राजनीति
राघव चड्ढा को जवाब देते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा, अभी पश्चिम बंगाल में भी यही हो रहा है। सभी विपक्षी दलों ने सीईसी के खिलाफ एक प्रस्ताव लाने की कोशिश की, जिस पर आपने हस्ताक्षर करने से मना कर दिया। जब भी कोई मुद्दा हो, जिस पर विपक्ष वॉकआउट करता है, आप वॉकआउट नहीं करते हैं। पिछले कई अरसे से मैंने देखा कि आपने कोई ऐसा मुद्दा सदन में नहीं उठाया, जिसमें आपने सरकार से सवाल किए हों। ऐसे डरकर राजनीति कैसे होगी।
निडरता हमारी पहली पहचान
वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने एक्स पोस्ट में लिखा, हम केजरीवाल के सिपाही हैं। निडरता हमारी पहली पहचान है। कोई सरकार से डर जाए तो देश के लिए क्या लड़ेगा? संसद में थोड़ा सा समय बोलने का पार्टी को मिलता है, उसमें या तो देश बचाने का संघर्ष कर सकते हैं या एयरपोर्ट कैंटीन में समोसे सस्ते करवाने का। गुजरात में हमारे सैंकड़ों कार्यकर्ता भाजपा की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए, क्या सांसद साहब सदन में कुछ बोले?
Advertisement
