Latest News

भोपाल। पीसीसी जीतू पटवारी ने भोपाल के पास अचारपुरा गांव में आयोजित ‘खाट पंचायत’ में किसानों की समस्याओं को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने किसानों के बीच अपने पिता को फोन लगाकर खेती में हो रहे घाटे का उदाहरण पेश किया।
फोन पर उनके पिता ने बताया कि वे खेत में आलू निकाल रहे हैं और इस बार आलू का भाव 9 रुपये किलो है। उन्होंने कहा कि इस दाम में खाद और बीज का खर्च ही मुश्किल से निकल पा रहा है, मुनाफा नहीं हो रहा। गेहूं की फसल भी बारिश के कारण गिर गई है। पटवारी ने कहा कि जब 90 बीघा जमीन वाले किसान की हालत यह है, तो छोटे किसानों की स्थिति और खराब होगी।
ट्रेड डील भारतीय किसानों के खिलाफ
पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया कि अमेरिका के साथ की गई ट्रेड डील भारतीय किसानों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि यह समझौता किसानों की “आर्थिक हत्या” जैसा है और इससे देश का बाजार विदेशी कंपनियों के लिए खोल दिया गया है।
कांग्रेस कल भोपाल में आयोजित करेगी किसान सम्मेलन
24 फरवरी को भोपाल के जवाहर चैक पर प्रस्तावित किसान महा सम्मेलन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के शामिल होने की घोषणा की गई है। इस प्रदर्शन में एमएसपी की कानूनी गारंटी की मांग और ट्रेड डील का विरोध प्रमुख मुद्दे रहेंगे।
जीतू ने शिवराज पर भी बोला हमला
पटवारी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चैहान पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे किसानों की फसल एमएसपी पर नहीं खरीद पाए। कांग्रेस ने प्रदेशभर से हजारों किसानों के भोपाल पहुंचने का दावा किया है।
Advertisement
