Latest News

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में गोरक्षा से जुड़े गोरक्षक चंद्रशेखर की हत्या कर दी गई है। गोतस्करों ने गाड़ी से कुचलकर उनकी हत्या कर दी थी। इसके बाद बवाल मच गया है। शनिवार को आक्रोशित भीड़ ने हाईवे जाम कर जमकर हंगामा किया है। इस दौरान दिल्ली हाईवे पर जाम के दौरान फंसे वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया गया। आक्रोशित गोरक्षकों ने पुलिस प्रशासन पर पथराव भी पत्थर बरसाए हैं। वहीं पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बता दें कि जानकारी के अनुसार मथुरा के ब्रज क्षेत्र में गोरक्षक चंद्रशेखर, जिन्हें लोग “फरसा वाले बाबा” के नाम से जानते थे, की कथित गोतस्करों ने गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी। यह घटना कोसीकलां थाना क्षेत्र के कोटवन चैकी के नवीपुर गांव के पास हुई। इसके बाद शनिवार सुबह छाता नेशनल हाईवे पर स्थानीय लोग और गोरक्षक एकत्रित होकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे, जिसके चलते हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम लगने की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करने का प्रयास किया।
गोरक्षकों ने आरोपियों को जल्द अरेस्ट करने की मांग
देखते ही देखते लोग आक्रोशित हो गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को दूर किया। इस हादसे में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनको प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। गौरक्षकों की मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी करे, नहीं तो आने वाले समय में और स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
कई थानों की फोर्स पहुंची मौके पर
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही हमें हाईवे पर जाम की सूचना मिली थी, कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और लोगों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पथराव शुरू हो गया। पूरे मामले की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल एक युवक को मौके से ही पकड़ लिया, जबकि तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। साथ ही, आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी गई है ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी के बयान के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जो लोग भी इसमें शामिल हैं, किसी को छोड़ा नहीं जाएगा।
Advertisement
