Latest News

नई दिल्ली। आगामी 16 मार्च होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। मंगलवार को 10 उम्मीदवारों की घोषणा करने के बाद भाजपा ने महाराष्ट्र की सात राज्यसभा सीटों में से चार के लिए प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले समेत चार नेताओं को उम्मीदवार घोषित किया है। भाजपा की लिस्ट में विनोद तावड़े और रामदास अठावले के अलावा माया चिंतामण ईवनाते और रामराव कुडकुते के नाम भी शामिल हैं।
बता दें कि इससे पहले भाजपा ने मंगलवार को राज्यसभा चुनावों के लिए अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित दस उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। पार्टी ने बिहार से नितिन नवीन और शिवेश कुमार, असम से तेरश गोवाला और जोगेन मोहन, छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा, हरियाणा से संजय भाटिया, ओडिशा से मनमोहन सामल और सुजीत कुमार और पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा के नामों की घोषणा की थी।
रिपब्लिकन पार्टी आॅफ इंडिया (अठावले) के नेता और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले, एनडीए के लंबे समय से सहयोगी रहे हैं और वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तावड़े का नाम भी नामांकित व्यक्तियों में शामिल है। पढ़िए सभी उम्मीदवारों को संक्षिप्त परिचय...
विनोद तावड़े
देश की राजनीति में विनोद तावड़े एक जाना-पहचाना नाम हैं। वह इस समय भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हैं और पार्टी की चुनावी रणनीति तैयार करने में उनकी अहम भूमिका रही है। चुनावी प्रभारी के तौर पर उन्होंने कई राज्यों में पार्टी को जीत दिलाने में योगदान दिया है। भोजपुरी गायक और अभिनेता पवन सिंह की भाजपा में वापसी कराने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है। संगठन के भीतर वे नितिन नबीन से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की दौड़ में आगे बताए जा रहे थे।
रामदास अठावले
केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी आॅफ इंडिया के अध्यक्ष रामदास अठावले अपनी शायरी और बेबाक अंदाज के लिए प्रसिद्ध हैं। संसद में उनके कहे शेर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों का ध्यान खींचते हैं। मोदी सरकार में वे सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और गठबंधन सरकार में उनकी भूमिका प्रभावशाली मानी जाती है। उनका राज्यसभा का कार्यकाल पूरा हो रहा है। ऐसे में एक बार फिर उनका उच्च सदन के लिए नामित किया है।
माया चिंतामण ईवनाते
आदिवासी समुदाय से आने वाली शिक्षिका और सामाजिक कार्यकर्ता मायाताई इवनात बेहद साधारण पृष्ठभूमि से राजनीति तक पहुंची हैं। इससे पहले वे राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य रह चुकी हैं, जहां उन्हें भाजपा नेतृत्व ने जिम्मेदारी सौंपी थी। हाल ही में वे नागपुर महानगर पालिका की निर्वाचित नगरसेविका बनी हैं, जिससे स्थानीय राजनीति में उनकी सक्रियता और बढ़ गई है।
रामराव वाडकुटे
रामराव वडकुते महाराष्ट्र के प्रमुख भाजपा नेताओं में शामिल हैं। पार्टी ने उन्हें महाराष्ट्र से राज्यसभा चुनाव के लिए अपना प्रत्याशी घोषित किया है। संगठनात्मक अनुभव और क्षेत्रीय पकड़ के चलते उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है।
Advertisement
