Latest News

भोपाल। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में कांग्रेस द्वारा मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार को किसान महाचौपाल आयोजित की गई। जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल हुए और किसानों को संबोधित कर केन्द्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जोरदार हमला बोला। पीएम मोदी पर लगाए गए आरोपों के बाद राहुल भाजपा नेताओं के निशाने पर आ गए हैं। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने कांग्रेस नेता को अपने निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्होंने बहुत हल्की बात की है। उन्हें अपने किए पर बाबा महाकाल से क्षमा याचना करनी चाहिए।
सीएम ने बुधवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में लगातार सरकारों के प्रयास जारी हैं। मध्य प्रदेश सरकार भी किसानों के हित में फैसला कर रही है, योजनाएं चल रही हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी किसानों के नाम पर राजनीति करना चाहते हैं। वास्तविकता यह है कि देश में एक परिवार ने लंबे समय तक शासन किया है और अब राहुल गांधी किसानों के जरिए अपनी राजनीति की संभावनाएं तलाश रहे हैं, जो पूरी नहीं होने वाली। उन्होंने आगे कहा कि पीएम के लिए किसानों के हित सर्वोपरि हैं। उसको भूलकर कई हल्की बातें राहुल गांधी की ओर से कही गईं, जिसकी मैं निंदा करता हूं।
सीएम ने किसानों के हित में किए गए कामों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं बाबा महाकाल से उन्हें सद्बुद्धि देने की कामना करता हूं। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी को बाबा महाकाल से क्षमा याचना करना चाहिए। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से किसानों के हित में किए जा रहे कामों का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के लिए उनके खेतों में जाकर और उनके साथ संवाद कर अनुकूल वातावरण बनाया है। मध्य प्रदेश वही स्थान है जहां नदी जोड़ो की सौगात सबसे पहले पीएम मोदी ने दी। मध्य प्रदेश को 10 प्रतिशत राशि देनी होगी, जबकि शेष 90 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार की ओर से दी जाएगी। इसके माध्यम से किसानों का भला होगा।
मप्र सभी क्षेत्रों में समान रूप से बढ़ रहा आगे
सीएम मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश सभी क्षेत्रों में समान रूप से आगे बढ़ रहा है। राज्य में खेती, उद्यानिकी, सिंचाई कपास उत्पादक किसानों के लिए कई कदम उठाए गए हैं। धार जिले में मित्र पार्क बनाए जाने की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, ष्इससे छह लाख किसानों को जोड़कर कपास से लेकर धागे, कपड़ा और रेडीमेट गार्मेंटस बनाए जाएंगे। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन काल में ही हो सकता था। कांग्रेस के शासनकाल में उद्योगों में ताले लगे थे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को याद दिलाया कि कांग्रेस के शासनकाल में काले पन्नों का इतिहास रहा है और किसानों पर अत्याचार होता था।
Advertisement
