Latest News

भोपाल। मध्यप्रदेश की मोहन सरकार अपने दो वर्ष पूरे करने जा रही है। इस उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में विस्तृत पत्रकार वार्ता की। करीब एक घंटे चली इस पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था, नक्सलवाद, नदी जोड़ो परियोजना, शिप्रा पुनर्जीवन, विकास योजनाओं, औद्योगिक निवेश से लेकर स्वास्थ्य और शहरी विकास जैसे कई मुद्दों पर अपनी सरकार के कार्यों और उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया।
नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुरुआत प्रदेश की कानून-व्यवस्था से की। उन्होंने कहा कि दो साल पहले प्रदेश के कई सीमावर्ती इलाके खासकर मंडला, बालाघाट और डिंडोरी-नक्सल गतिविधियों से प्रभावित थे। एक समय ऐसा था, जब एक साथ 17-17 जवानों की हत्या कर दी जाती थी। एक मंत्री को घर से निकालकर कुल्हाड़ी से मार दिया गया था। समानांतर थाने और समानांतर सत्ता चलने लगी थी। मुख्यमंत्री ने बताया कि जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद समाप्त करने की समय-सीमा तय की, तब यह चुनौती असंभव लग रही थी। लेकिन हमारे कई पुलिस अधिकारी खुद आगे आए और बालाघाट में पोस्टिंग मांगी। हमारे जवानों और नागरिकों ने बहुत बड़ी कीमत चुकाई है। आज मंडला, बालाघाट और डिंडोरी नक्सलवाद से मुक्त हैं। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि अब लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि यह समस्या दोबारा सिर न उठा सके।
नदी जोड़ो परियोजनाः सिंचाई और पेयजल में होगा बड़ा सुधार
मुख्यमंत्री ने राज्य में तेजी से आगे बढ़ रही श्नदी जोड़ो्य परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि पार्वती, कालीसिंध और चंबल को जोडने से राजस्थान और मध्यप्रदेश दोनों को बड़ा लाभ मिलेगा। सिंचाई क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है, सौहाद्र्र के साथ दोनों राज्यों में पानी पहुंचाने की योजना आगे बढ़ रही है। उन्होंने राज्य के अंदर गंभीर और खान नदी को जोडने की परियोजना का खास उल्लेख किया। टनल के माध्यम से नदी से नदी जोडने का काम पहली बार हो रहा है। ऊपर खेती, नीचे नदी की धारा- यह अपने आप में अभिनव मॉडल है।
शिप्रा पुनर्जीवनः सिंहस्थ से पहले 800 करोड़ की योजना
उज्जैन की शिप्रा नदी पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले सिंहस्थ में साधु-संतों को गंभीर नदी के पानी से स्नान कराना पड़ा था, क्योंकि शिप्रा का पानी उपलब्ध नहीं था। इस बार हमने पहले से व्यवस्था कर ली है। जल संसाधन विभाग ने लगभग 800 करोड़ की योजना बनाई है, जिससे सिंहस्थ में शिप्रा के जल से ही स्नान हो सकेगा।
भोपाल गैस त्रासदी के कचरे का निष्पादन और जीआईएस सुविधा लागू
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि कई वर्षों से लंबित भोपाल गैस त्रासदी के कचरे के निष्पादन का काम उनकी सरकार ने पूरा किया। उन्होंने कहा कि राजधानी में पहले जीआईएस सुविधा उपलब्ध नहीं थी, जिसे अब लागू कर दिया गया है, जिससे शहरी प्रबंधन और योजना निर्माण में व्यापक सुधार होगा।
औद्योगिक निवेश
इंदौर की हुकुमचंद मिल का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 300 - 400 करोड़ के बकाया विवाद में उलझी इस मिल का समाधान कर लिया गया है। अब यहां 70 से 80 हजार करोड़ का बड़ा औद्योगिक प्रोजेक्ट स्थापित होने जा रहा है, जिससे रोजगार और निवेश दोनों बढ़ेंगे।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री यादव ने स्वास्थ्य क्षेत्र में बढ़ती डॉक्टरों की कमी को गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि तेजी से मेडिकल कॉलेज खुल रहे हैं, इसलिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की मांग बहुत बढ़ गई है। हमने तय किया है कि प्राइवेट सेक्टर से अधिक वेतन देकर हम एक्सपर्ट डॉक्टरों को सरकारी सेवा में लाएंगे। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बहुत बढ़ेगी।
दो बड़े मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र
सरकार द्वारा हाल ही में मंजूर श्मध्यप्रदेश महानगर क्षेत्र नियोजन एवं विकास अधिनियम 2025 का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर, उज्जैन, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर को मेट्रोपॉलिटन सिटी घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि इंदौर-उज्जैन-देवास-धार महानगरीय क्षेत्र एवं भोपाल-सीहोर-रायसेन-विदिशा-ब्यावरा महानगरीय क्षेत्र में नगर नियोजन और विकास के काम शुरू किये जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मई 2025 में इंदौर मेट्रो और दिसंबर 2025 में भोपाल मेट्रो का संचालन शुरू होने जा रहा है।
सरकार का दो वर्ष : विकास और विरासत पर फोकस
प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने की। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में विकास और विरासत दोनों को विशेष प्राथमिकता दी गई है। कार्यक्रम के अंत में श्विकास और सेवा के दो वर्ष्य पुस्तक का विमोचन किया गया। पत्रकारवार्ता में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला, एसीएस नीरज मंडलोई, जनसंपर्क आयुक्त दीपक सक्सेना और भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल उपस्थित रहे।
विकास में नई ऊंचाई पर मप्रः खंडेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि विकास और सेवा के ये दो वर्ष अच्छे शासन, पारदर्शिता और त्वरित निर्णयों के लिए जाने जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रभावी नेतृत्व में मप्र विकास की नई ऊंचाई पर पहुंच रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सरकार की प्रदेश और जिला स्तर की उपलब्धियों, सफलता की कहानी और सरकार की योजनाओं से जुड़ी नई राहें-नए आयाम पुस्तकों का विमोचन भी किया।
Advertisement

Related Post