Latest News

अगरतला। असम के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता हिमंता बिस्वा सरमा ने दावा किया है कि आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी राज्य में सत्ता बरकरार रखेगी। बता दें कि इस साल असम में विधानसभा चुनाव होना हैं। चुनाव आयोग फरवरी में तरीखों का ऐलान कर सकता है।
सरमा ने कहा कि असम विधानसभा चुनावों की तारीखें इस साल फरवरी में घोषित की जाएंगी और भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों को देखते हुए उन्हें पूरा भरोसा है कि पार्टी भारी बहुमत से सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि अगर आज चुनाव होते तो नतीजे निश्चित रूप से भाजपा के पक्ष में होते। हालांकि, सरमा ने कहा कि राजनीति अप्रत्याशित है और चुनाव परिणामों के बारे में कोई भी भविष्यवाणी करना जल्दबाजी होगी। फिर भी, उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा इस समय असम में बहुत मजबूत स्थिति में है।
मुख्यमंत्री ने मीडिया को बताया कि असम में चुनाव विकास और पहचान के दो प्रमुख मुद्दों पर लड़े जाएंगे। शर्मा ने कहा कि भाजपा ने अपने पिछले चुनाव घोषणापत्र में जनता से किए गए सभी वादों को 100 प्रतिशत पूरा किया है। असम के मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने पिछले पांच वर्षों में 1.60 लाख युवाओं को रोजगार दिया है और अब योग्य उम्मीदवारों को बिना किसी कदाचार या भ्रष्टाचार के रोजगार मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार बांग्लादेश सीमा पार से अवैध घुसपैठ को रोकने के राष्ट्रीय प्रयासों में पर्याप्त योगदान नहीं दे रही है। उनके अनुसार, असम और त्रिपुरा बांग्लादेश से घुसपैठियों को गिरफ्तार करने के लिए त्वरित कार्रवाई कर रहे हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल में ऐसे प्रयास देखने को नहीं मिल रहे हैं।
Advertisement
