Latest News

पचोर । राजगढ़ जिले के भैंसवा माताजी में आयोजित कांग्रेस के संगठन सृजन प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान ने राजनीतिक हलकों में विवाद खड़ा कर दिया है। अपने संबोधन में पटवारी ने भाजपा पर हिंदू धर्म के नाम पर पाखंड करने का आरोप लगाते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी, जिस पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा को हिंदू वोट चाहिए, लेकिन उसका हिंदू धर्म से कोई वास्तविक सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म 'वसुधैव कुटुंबकम' की भावना सिखाता है, जिसमें मानवता, प्रकृति और सभी जीवों के प्रति प्रेम का संदेश है। कांग्रेस किसी से नफरत नहीं करती, जबकि भाजपा मुस्लिमों, दलितों और कांग्रेसियों से नफरत करती है, इसी कारण वह स्वयं को अधिक हिंदू दिखाने का प्रयास करती है। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि भाजपा नेता इधर मंदिर जाते हैं और उधर मुर्गा खाते हैं।
पटवारी के इस बयान पर भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर ने पलटवार करते हुए कहा कि 'जाकी रही भावना जैसी, प्रभु मूरति देखी तिन तैसी। उन्होंने कहा कि जो जैसा होता है, उसे सब वैसे ही नजर आते हैं और कांग्रेस नेताओं से सकारात्मक राजनीति की अपेक्षा नहीं की जा सकती।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेत्री रचना भार्गव ने भी भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने गाय के नाम पर केवल वोट बटोरे, जबकि आज गौवंश सड़कों पर भटकने को मजबूर है। उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। इस मौके पर पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह, पूर्व विधायक हजारीलाल मालवीय सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Advertisement
