Latest News

भोपाल। मप्र के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने खुलासा किया है कि भाजपा की पिछली सरकार में तैयार की गई मेट्रो परियोजना मप्र के शहरों के लिए नहीं थी, बल्कि शहरों के विकेन्द्रीकरण करने के लिए भोपाल और इंदौर से सटे छोटे शहरों तक संचालन के लिए बनाई गई थी।
विधानसभा में अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान मंत्री विजयवर्गीय न कहा कि मेट्रो पर पहले हस्ताक्षर मेरे थे, जब हमने मेट्रो की कल्पना की थी और इसे शहर में चलाने की कोई योजना नहीं थी। शहर को डिसेंट्रलाईज्ड करने के लिए भोपाल से विदिशा, भोपाल से होशंगाबाद, भोपाल से रायसेन, के लिए इसी तरह इंदौर से देवास, इंदौर से महू, इंदौर से उज्जैन के लिए प्रस्तावित थी, ताकि शहरों में घनत्व कम हो सके।
विजयवर्गीय ने विपक्ष की ओर इशारा करते हुए कहा कि पता नहीं बीच में आपकी 15 महीने की सरकार आई, उस दिन कमलनाथ जी सदन में बैठे हुए थे, मैं उनके सम्मान में कुछ नहीं बोला। आपने योजना बनाई, उद्घाटन कर दिया, भूमिपूजन कर दिया और काम भी चालू हो गया।
उन्होंने यह भी कहा कि मैं यह किसी के ऊपर दोषारोपण नहीं करता, पर इस योजना को फिर से हमें दूर तक जाना पड़ेगा। 10 वर्ष बाद भी यह मेट्रो ऐसे ही चलेगी। जब तक कि इसके विस्तार का दूसरा चरण नहीं आएगा, तब तक मेट्रो की उपयोगिता नहीं हैं। मेट्रो इंदौर-भोपाल के लिए नहीं, प्रदेश के हर शहर के लिए हम उपयोगी बनाएंगेे। अच्छा प्लान बनाकर करेंगे।
Advertisement
