Latest News

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केंद्र सरकार के बजट को सभी वर्गों के कल्याण का बजट बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र का बजट और मध्य प्रदेश का बजट एक आत्मा से तालमेल वाले जैसा है। वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इसे विकास का बजट करार दिया।
राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन हॉल में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केंद्र सरकार के बजट की खूबियां गिनाई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह बजट दूरगामी प्रभाव डालने वाला है। जहां तक मध्य प्रदेश की बात की जाए, तो यह बजट राज्य के बजट से एक आत्मा से तालमेल करके चल रहा है। केंद्र सरकार के बजट में मेट्रोपॉलिटन सिटी के लिए किए गए प्रावधानों का मध्य प्रदेश को लाभ मिलेगा क्योंकि राज्य में इस दिशा में काम हो रहा है। दरअसल, राज्य में मेट्रोपॉलिटन सिटी बनाने की कवायद चल रही है और इसी बीच केंद्र सरकार के बजट में मेट्रोपॉलिटन सिटी के लिए खास प्रावधान किए गए हैं।
वैश्विक स्तर पर आर्थिक क्षेत्र में हुए बदलाव का जिक्र करते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि बजट से पहले और बजट के बाद वैश्विक स्तर पर जिस तरह की गतिविधियां सामने आ रही हैं, उससे बजट के परिणाम का आकलन किया जा सकता है। भारत की आर्थिक मजबूती और पड़ोसी देश पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान को कर्ज लेने के लिए दुनिया के देशों के सामने कटोरा लेकर घूमना पड़ रहा है, यह बात पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने खुद कही है। उसे अमेरिका से कर्ज लेना होता है इसलिए वह अमेरिका की हर बात को मानने के लिए मजबूर है। लेकिन भारत के साथ ऐसी स्थिति नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट में किसान, युवा, महिला और गरीब पर खास फोकस किया गया है। इसके साथ ही इन वर्गों की स्थिति में कैसे बदलाव आए, इसका भी ध्यान रखा गया है। केंद्रीय बजट में कपड़ा उद्योग के रिफॉर्म पर जोर दिया गया है, जिसका लाभ मध्य प्रदेश को मिलेगा और एक तरफ उत्पादन होगा तो दूसरी तरफ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि राज्य की बेरोजगारी की दर में सुधार आ रहा है और अब यह सिर्फ डेढ़ प्रतिशत है। इस मौके पर राज्य के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राज्य के भाजपा प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह के अलावा अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
Advertisement
