Latest News

ग्रेटर नोएडा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तरप्रदेश की जनता को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने शनिवार को गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट चरण (फेज-1) का उद्घाटन कर दिया है। करीब 11,200 करोड़ रुपए की लागत से बने इस बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (वाईआईएपीएल) द्वारा विकसित और संचालित किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट में केंद्र और राज्य सरकार की भी भागीदारी है।
यूपी के विकास का इंजन बन रहा नोएडा
जेवर में एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा एयरपोर्ट बन रहा है, जहां हर दो मिनट में एक जहाज उड़ान भरेगा। पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था। कांग्रेस और उत्तर प्रदेश की पिछली सरकारों ने इस एयरपोर्ट की नींव तक नहीं पड़ने दी थी। लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा उत्तर प्रदेश के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है। जेवर एयरपोर्ट डबल इंजन सरकार की कार्य संस्कृति का भी बहुत अच्छा उदाहरण है।
फाइलों में ही दबा रहा एयरपोर्ट
उन्होंने कहा कि 2003 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने इस एयरपोर्ट को मंजूरी दी थी, लेकिन एयरपोर्ट नहीं बना। केंद्र में कांग्रेस और यहां (उत्तर प्रदेश) की पहले की सरकारों ने सालों तक इस एयरपोर्ट की नींव तक नहीं पड़ने दी। 2004 से 2014 तक यह एयरपोर्ट फाइलों में ही दबा रहा। जब हमारी सरकार बनी तो उस समय उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार की थी। शुरू के दो तीन सालों में सपा वालों ने इस पर काम नहीं होने दिया, लेकिन जैसे ही यहां भाजपा की सरकार बनी, तो जेवर एयरपोर्ट की नींव पड़ी, निर्माण भी हुआ और आज उद्घाटन भी हो गया है।
अंधविश्वास के चलते अपने हाल पर छोड़ दिया गया था नोएडा को
पीएम मोदी ने कहा, नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था, कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे। मुझे याद है, जब यहां सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया, तो मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वे उस कार्यक्रम में नहीं आए। मुझे भी डराने की कोशिश की गई, कहा गया कि नोएडा मत जाइए मोदी जी, अभी-अभी प्रधानमंत्री बने हैं। मैंने कहा कि मैं उस धरती का आशीर्वाद लेने जा रहा हूं, जो मुझे लंबे अरसे तक सेवा करने का मौका देगी। आज वही इलाका पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है। यह पूरा क्षेत्र आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त कर रहा है।
प्रगति को भी उड़ान देते हैं एयरपोर्ट
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि किसी भी देश में एयरपोर्ट सिर्फ एक सामान्य सुविधा नहीं होती। ये एयरपोर्ट प्रगति को भी उड़ान देते हैं। साल 2014 से पहले देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे, आज 160 से अधिक एयरपोर्ट हो चुके हैं। अब महानगरों के अलावा, देश के छोटे-छोटे शहरों तक भी हवाई कनेक्टिविटी पहुंच रही है। पहले की सरकारें मानती थीं कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों के लिए होनी चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार ने सामान्य भारतीयों के लिए भी हवाई यात्रा को आसान बना दिया है।
Advertisement
