Latest News

भोपाल। भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के विरोध में मंगलवार को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस ने किसान महाचौपाल बुलाई। जिसमें पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल हुए। राहुल ने किसान महापंचायत को संबोतिधत करते हुए केन्द्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए तीखा प्रहार किया। बता दें कि यह महाचौपाल भारत-अमेरिका के बीच हुए अंतरिम व्यापार समझौते के विरोध में आयोजित की गई, जिसे कांग्रेस किसानों और देश के हितों के खिलाफ बता रही है।
राहुल ने कहा कि लोकसभा में मुझे चीनी घुसपैठ पर बोलने से रोका गया। हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं दिया गया। पीएम नरेंद्र मोदी ने देश को बेच दिया। राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे की किताब का उल्लेख करते हुए चीन मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि किताब में उल्लेख है कि जब चीन के टैंक भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे थे, तब जनरल नरवणे ने रक्षा मंत्री से आदेश मांगा था। राहुल गांधी का आरोप था कि उस समय प्रधानमंत्री जवाब देने के बजाय “गायब” हो गए।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, पवन खेड़ा, मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव और अन्य कई नेता मौजूद रहे। राहुल ने कहा कि पीएम मोदी ने किसानों के साथ धोखा किया है। किसानों को अमेरीका के हाथों बेच दिया। किसानों को खत्म कर दिया।
राहुल ने कहा कि- राजनाथ सिंह, पीएम को फोन करते हैं। पीएम ने उनसे बात नहीं की। वो छिप गए अपने कमरे में और रक्षा मंत्री से कहते हैं कि आर्मी चीफ को बताओ जो वो उचित समझें वो करें। आर्मी चीफ अपनी किताब में लिखते हैं कि उस दिन मुझे हिंदुस्तान की सरकार ने अकेला छोड़ दिया। राहुल ने कहा- मैं संसद में ये बोलने की कोशिश कर रहा था, बोलने नहीं दिया गया। नरेंद्र मोदी ने अमित शाह की तरफ देखा और शाह खड़े हो गए। मुझे बोलने नहीं दिया गया।
इधर, सभा स्थल पर जाने को लेकर कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं की पुलिस से बहस हो रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। एसीपी ट्रैफिक अजय वाजपेयी ने बताया कि कार्यक्रम में आने वालों को प्लेटिनम प्लाजा और वीआईपी रोड डिपो की ओर से एंट्री दी जा रही है। वहीं जवाहर चैक, माता मंदिर और न्यू मार्केट की तरफ से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। इसके बावजूद कई मार्गों पर कांग्रेसी अब भी डटे हुए हैं। प्रवेश न मिलने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है, जबकि पुलिस हालात को नियंत्रित करने में जुटी हुई है।
Advertisement
