Download App

Latest News

सोशल मीडिया बैन के समर्थन में उतरे कुणाल कपूर : कहा- यह तकनीक के खिलाफ नहीं, बच्चों के हक में हैमुझे पद से नहीं जनता के विश्वास से मिलती है शक्ति : इस्तीफे पर बोले हेमंत कटारे, कयासों पर कही यह बातअनुचित लाभ के लिए पीडब्ल्यूडी के ठेकेदारों पर विशेष मेहरबानी, : अनियमितताओं को लेकर सीएजी की रिपोर्ट में हुआ चौंकाने वाला खुलासा, पढ़ें खबरमप्र में किसानों पर मौत बनकर टूटी बिजली लाइनें : साल भर में 54 अन्नदाताओं की गई जान, विधानसभा में ऊर्जा मंत्री का काबूलनामा

इंदौर में भाजयुमो का कांग्रेस कार्यालय घेराव : दोनों तरफ से पथराव और वॉटर कैनन से बिगड़े हालात, एसआई समेत कई पुलिसकर्मी घायल

दोनों तरफ से पथराव और वॉटर कैनन से बिगड़े हालात, एसआई समेत कई पुलिसकर्मी घायल
a

admin

Feb 21, 202603:35 PM

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में शनिवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के घेराव के लिए गांधी भवन पहुंचे। यह प्रदर्शन दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कथित अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में किया जा रहा था।

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पहले शहर में रैली निकालते हुए कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और फिर गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय की ओर कूच किया। मौके पर पहले से भारी पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने दोनों ओर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। जैसे ही कार्यकर्ताओं को रोका गया, माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।

पूरे क्षेत्र में बना अफरा-तफरी का माहौल

स्थिति उस समय बेकाबू हो गई जब दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान पानी की बोतलें, तेल की थैलियां, पत्थर, संतरे और टमाटर तक फेंके गए। कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिसके बाद भीड़ धीरे-धीरे तितर-बितर होने लगी।

पथराव में सब इंस्पेक्टर घायल

पथराव के दौरान सब इंस्पेक्टर आरएस बघेल गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उनके सीने के पास एक बड़ा पत्थर लगा, जिससे वे घायल हो गए। तत्काल उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अन्य कुछ पुलिसकर्मियों और कार्यकर्ताओं को भी मामूली चोटें आई हैं।

इलाके में अतिरिक्त बल तैनात

घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं, दोनों राजनीतिक दलों ने एक-दूसरे पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Powered by Tomorrow.io

Advertisement

Ad

Related Post

Placeholder
इंदौर में भाजयुमो का कांग्रेस कार्यालय घेराव : दोनों तरफ से पथराव और वॉटर कैनन से बिगड़े हालात, एसआई समेत कई पुलिसकर्मी घायल