Latest News

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने गुरवार की शाम दिल्ली से लेकर बिहार-पश्चिम बंगाल तक 9 राज्यों-केन्द्र शासित प्रदेशों के राज्यपाल और उपराज्यपाल को बदल दिया है। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का एलजी बनाया गया है। वहीं तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का लेफ्टिनेंट गवर्नर बनाया गया। इसके अलावा तमिलनाडु के गवर्नर आर.एन. रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल बनाया गया है। बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस के ईस्तीफा देने के बाद आरएन रवि को बंगाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि बोस का इस्तीफा राजनीतिक पंडितों को हैरान करने वाला था।
वहीं तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उपराज्यपाल बनाया गया है। इसी तरह सैयद अता हसनैन को बिहार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला को तेलंगाना का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। नंद किशोर यादव को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को तमिलनाडु के राज्यपाल का कार्यभार सौंपा गया है।
रणनीतिक मामलों के विशेषज्ञ मान जाते हैं हसनैन
भारतीय सेना के दिग्गज अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन को रणनीतिक मामलों का विशेषज्ञ माना जाता है और उनके पास कश्मीर जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में काम करने का व्यापक अनुभव है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य के रूप में भी उन्होंने अपनी सेवाएं दी हैं। बिहार जैसे बड़े और जटिल राज्य में उनकी नियुक्ति प्रशासन में अनुशासन और सुरक्षात्मक दृष्टिकोण को मजबूती प्रदान करेगी।
एक मंझे जुए राजनयिक हैं संधू
अमेरिका में भारत के पूर्व राजदूत रहे तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। संधू एक मंझे हुए राजनयिक हैं, जिनके पास अंतरराष्ट्रीय कूटनीति का लंबा अनुभव है। उन्होंने वाशिंगटन डीसी और श्रीलंका जैसे महत्वपूर्ण मिशनों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। दिल्ली जैसे संवेदनशील और राजनीतिक रूप से सक्रिय केंद्र शासित प्रदेश में उनकी नियुक्ति केंद्र सरकार और राज्य प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। उनकी छवि एक शांत लेकिन प्रभावी प्रशासक की रही है।
भारतीय कार्पोरेट क्षेत्र का माना जाना नाम हैं वीके सक्सेना
वीके सक्सेना दिल्ली के उपराज्यपाल रह चुके हैं। वह पहले ऐसे कॉर्पोरेट व्यक्ति हैं, जिनको लेफ्टिनेंट गवर्नर पद पर नियुक्त किया गया था। सक्सेना भारतीय कॉर्पोरेट और सामाजिक क्षेत्र का जाना-माना नाम हैं। विनय कुमार सक्सेना ने खादी और ग्रामोद्योग आयोग का नेतृत्व किया था।
रिटायर्ड आईएएस अफसर हैं सीवी आनंद बोस
केरल के कोयट्टम के रहने वाले सीवी आनंद बोस रिटायर्ड आईएएस अफसर हैं। उन्होंने अंग्रेजी, मलयालम और हिंदी में करीब 40 पुस्तकें लिखी हैं। उनको जवाहरलाल नेहरू फैलोशिप से सम्मानित किया जा चुका है। बोस उस कार्यकारी ग्रुप के अध्यक्ष थे, जिसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के लिए विकास एजेंडा तैयार किया था। मोदी सरकार ने सबके लिए किफायती आवास के उनके कॉन्सेप्ट को अपनाया गया था।
Advertisement
