Latest News

छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा जिले के पांढुर्णा में स्थित प्रसिद्ध जाम सावली हनुमान मंदिर परिसर गुरुवार को ऐतिहासिक पल का साक्षी बना, जब मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भव्य हनुमान लोक का लोकार्पण किया। सीएम ने 362 करोड़ रुपए के 67 विकास कार्यों का भी लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्साह और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही हजारों श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुटने लगे थे और मुख्यमंत्री के आगमन पर जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
पूजा-अर्चना और पारंपरिक विधि-विधान के साथ कार्यक्रम की शुरूआत हुई। मुख्यमंत्री ने हनुमान लोक की परिकल्पना को धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास का एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि जाम सवाली हनुमान मंदिर पहले से ही श्रद्धा का केंद्र रहा है, लेकिन हनुमान लोक के विकसित होने से यह देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में अपनी अलग पहचान बनाएगा।
मुख्यमंत्री ने महाकाल लोक का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह उज्जैन को वैश्विक पहचान मिली, उसी तरह पांढुर्णा भी धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर तेजी से उभरेगा। उन्होंने बताया कि इस पहल से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और पर्यटन आधारित रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
सीएम ने 362 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण
इस दौरान 362 करोड़ रुपये की लागत से 67 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया गया। इनमें सौसर में केंद्रीय विद्यालय, पांढुर्णा में कलेक्टर-एसपी कार्यालय, जिला अस्पताल, जिला पंचायत भवन और रेलवे ओवरब्रिज जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।
हनुमान लोक के निर्माण से इन्हें मिलेगा बढ़ावा
हनुमान लोक के निर्माण से होटल, परिवहन, छोटे व्यापार और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन में कमी आने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने इस पहल को पांढुर्णा के विकास का नया अध्याय बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा और लोगों में भविष्य को लेकर नई उम्मीदें जाग उठीं।
Advertisement
