Latest News

मथुरा। उत्तरप्रदेश में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। यहां के मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के एक हाई स्पीड कंटेनर ने बस से उतरकर खड़े एक दर्जन से अधिकारियों को कुचल दिया है। इस भीषण हादसे में जहां 6 मुसाफिरों की मौत हो गई है, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद घटना स्थल का मंजर खौफनाक था।
घटना सुरीर थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 88 के पास की है, जहां एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कंटेनर ने बस से उतरकर खड़े यात्रियों को रौंद दिया। मथुरा के जिलाधिकारी सीपी सिंह ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि छह लोग कुचल गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। एक व्यक्ति घायल हुआ था, जिसका इलाज के बाद वह खतरे से बाहर है।
घटना के लिए बस चालक को ठहराया जिम्मेदार
जिलाधिकारी ने घटना के लिए बस चालक को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने बताया कि बस ड्राइवर ने गलत तरीके से यमुना एक्सप्रेसवे पर बस को खड़ा किया था। कुछ लोग शौचालय के लिए उतरे थे। इस बीच कुछ लोग बस के आगे खड़े थे। पीछे से एक कंटेनर ने टक्कर मारी, जिसके कारण 6 लोग बस के नीचे दब गए और उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों में से पांच की पहचान हुई है और उनके परिजनों को रात में ही सूचना दी गई, जो अभी यहां आ चुके हैं। इस घटना में पूरा प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। मामले में बस और कंटेनर चालक के खिलाफ मुकदमा किया जाएगा।
दिल्ली से कानपुर जा रही थी बस
मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि थाना सुरीर क्षेत्र में रात करीब 2ः45 बजे यमुना एक्सप्रेस के माइलस्टोन 88 के पास एक बस सड़क किनारे रुकी। यह बस दिल्ली से कानपुर जा रही थी। तभी रास्ते में कुछ यात्री टॉयलेट करने के लिए नीचे उतरे। उसी समय, एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बस को टक्कर मार दी और पास खड़े यात्रियों को भी टक्कर लगी। छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया।
घायलों को दी जा रही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
एसएसपी ने कहा कि घायल का बेहतर से बेहतर इलाज कराया जा रहा है। मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस की तरफ से एफआईआर दर्ज की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement
